बलरामपुर- दशहरा के पावन पर्व पर प्रदेश के किसान भाइयों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने का सुनहरा अवसर प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक एवं कृषि यंत्रों से जोड़ते हुए खेती को अधिक सुगम, लाभकारी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग/आवेदन की प्रक्रिया 07 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे से प्रारंभ होकर 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:00 बजे तक चलेगी।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू सहित विभिन्न योजनाओं में कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान प्राप्त करने के लिए किसान निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत ₹10 लाख), फार्म मशीनरी बैंक (परियोजना लागत ₹10 लाख), किसान ड्रोन एवं अन्य एकल कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किया जा सकेगा। वहीं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से संबंधित एकल कृषि यंत्रों एवं कस्टम हायरिंग सेंटर (परियोजना लागत ₹30 लाख) के लिए आवेदन का अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत मेज सेलर, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अंतर्गत मिलेट पर्लर, विभिन्न परियोजनाओं/संस्थाओं द्वारा कीट रोग नियंत्रण योजना के अंतर्गत कृषि रक्षा यंत्र तथा फसल विविधीकरण कार्यक्रम (सीडीपी) योजना के अनुमन्य कृषि यंत्रों पर भी अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन किया जा सकेगा।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों की बुकिंग/आवेदन ऑनलाइन किया जाएगा। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर “किसान कॉर्नर” के अंतर्गत “यंत्र बुकिंग प्रारम्भ” विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर कृषि यंत्रों का विवरण, बुकिंग प्रक्रिया एवं अनुदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध है।
प्रदेश सरकार का प्रयास है कि आधुनिक कृषि यंत्रों एवं तकनीक का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचे, जिससे कृषि कार्यों में समय एवं श्रम की बचत होने के साथ उत्पादन लागत कम हो तथा किसानों की उत्पादकता एवं आय में वृद्धि हो सके।
कृषि विभाग ने जनपद के पात्र किसान भाइयों से अपील की है कि वे 07 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 के मध्य निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आवेदन अथवा कृषि यंत्रों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, बलरामपुर से संपर्क कर सकते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ — 07 अक्टूबर 2026, दोपहर 12:00 बजे
बुकिंग की अंतिम तिथि — 20 अक्टूबर 2026, दोपहर 12:00 बजे

           हिन्दी संवाद न्यूज से
             रिपोर्टर वी. संघर्ष
                 बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने