निगोहां रेलवे स्टेशन पर रेल जन संवाद का आयोजन, यात्रियों से संवाद कर जानी उनकी समस्याएं-------


यात्रियों ने स्टेशन पर वाटर कूलर की रखी मांग, स्टेशन मास्टर ने अधिकारियों को भेजा मांगपत्र -------


मोहनलालगंज लखनऊ । गुरुवार को निगोहां रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से रेल जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्टेशन परिसर में लगे बैनर पर "विकसित राष्ट्र का आधार - रेल जन संवाद, विकसित भारत का संकल्प, आत्मनिर्भर भारत का पथ" और "स्वच्छ रेल - स्वच्छ भारत" का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान करना था।

कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने मौजूद यात्रियों को स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल रेलवे विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें यात्रियों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। यात्रियों को कूड़ा कूड़ेदान में डालने और प्लेटफार्म को साफ रखने की अपील की गई।

इस दौरान यात्रियों ने अपनी समस्याएं भी खुलकर रखीं। यात्रियों ने मुख्य रूप से भीषण गर्मी को देखते हुए स्टेशन पर ठंडे पेयजल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था की मांग उठाई। यात्रियों की इस मांग पर स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने जल्द ही स्टेशन पर वाटर कूलर लगवाए जाने का आश्वासन दिया और इस संबंध में मांगपत्र उच्चाधिकारियों को प्रेषित करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर सफाई अभियान भी चलाया गया। इसके साथ ही कूड़ेदान की समुचित व्यवस्था, बैठने की सुविधा और यात्री सुविधाओं को बेहतर करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर सहायक मंडल यांत्रिक अभियंता आलोक वर्मा, वरिष्ठ खंड अभियंता अखिलेश कुमार पांडेय, टेक्नीशियन-1 अमन कुमार द्विवेदी सहित लखनऊ मंडल की टीम और अन्य रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय यात्रियों ने भाग लिया।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने