मोहनलालगंज सर्किल में दो माह में एक दर्जन से अधिक चोरियां, खुलासा एक का भी नहीं; बेखौफ हुए चोर------
(गौरा की स्पर्श ग्रीन सिटी में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, दूसरे बंद मकान में भी सेंधमारी का प्रयास)
मोहनलालगंज। मोहनलालगंज सर्किल में चोरियों की लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते दो माह में एक दर्जन से अधिक चोरियां होने के बावजूद किसी का खुलासा नहीं हो सका है। चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश न होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। इसी कड़ी में बुधवार को गौरा स्थित स्पर्श ग्रीन सिटी में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े बंद मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वहीं, पास के एक अन्य बंद मकान में भी चोरी का प्रयास किया गया।
रायबरेली जनपद के महाराजगंज निवासी ट्रक चालक सूर्यमणि शुक्ला पत्नी मोनिका और बच्चों के साथ स्पर्श ग्रीन सिटी में मनीष मिश्रा के मकान में किराये पर रहते हैं। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह मकान में ताला बंद कर परिवार के साथ गोसाईगंज के मोहरीकला स्थित रिश्तेदार के घर चले गए। इसी दौरान चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दो कमरों में रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर नकदी व जेवरात समेट ले गए। शाम करीब पांच बजे परिवार के साथ लौटे सूर्यमणि ने गेट का ताला टूटा और कमरों में सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
दूसरे मकान का भी ताला तोड़ा
चोरों ने चालक के मकान से कुछ दूरी पर स्थित अधिवक्ता रामेन्द्र सिंह के बंद मकान को भी निशाना बनाया। गेट का ताला तोड़ने के बाद मुख्य दरवाजे का इंटरलॉक खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद चोर मौके से भाग निकले। चोरी की फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। इंस्पेक्टर ने बताया कि कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक से आते तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know