बेटे के अपहरण और फिरौती मांगने का आरोप, हत्या की आशंका जताई; कोर्ट के आदेश पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज-----


एक सितंबर 2025 से लापता है 20 वर्षीय सौरभ, महाराष्ट्र में काम करने गया था युवक मोहनलालगंज पुलिस ने शुरू की जांच--------


मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खरेहना मजरा भसंडा गांव से एक युवक के लापता होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। युवक की मां ने गांव के ही दो लोगों पर बेटे को बहला-फुसलाकर ले जाने, अपहरण कर फिरौती मांगने और रकम नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए महिला ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर मोहनलालगंज पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, खरेहना मजरा भसंडा गांव निवासी निर्मला देवी का 20 वर्षीय बेटा सौरभ एक सितंबर 2025 को घर से लापता हो गया था। महिला का आरोप है कि गांव के ही अंकित और जूली ने उसके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद बेटे के अपहरण की बात सामने आई और आरोपियों की ओर से फिरौती के रूप में रकम मांगे जाने का आरोप लगाया गया। पीड़िता का कहना है कि रकम नहीं मिलने पर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। लंबे समय से बेटे का कोई पता नहीं चलने के कारण मां ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है।

महाराष्ट्र में काम करने गया था सौरभ------


प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह के मुताबिक, सौरभ काम के सिलसिले में महाराष्ट्र गया था, जहां वह आरोपियों के साथ रहता था। बताया गया कि एक दिन वह बिना किसी को बताए कहीं चला गया, जिसके बाद उसका पता नहीं चल सका। मामले में महिला की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है। युवक किन परिस्थितियों में लापता हुआ, फिरौती मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल 20 वर्षीय सौरभ के लापता होने का मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, महिला की ओर से लगाए गए अपहरण, फिरौती और हत्या की आशंका संबंधी आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने