उतरौला (बलरामपुर)। नगर की प्रसिद्ध दुःख हरण नाथ रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय भव्य रामलीला महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह आयोजन नगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता व आपसी सौहार्द के प्रतीक के रूप में उभरा।
दुःख हरण नाथ मंदिर के स्थानाधिपति मयंक गिरी महाराज, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सोनी, महामंत्री संदीप कुमार गुप्ता और कोषाध्यक्ष दीपक कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से बताया कि दस दिनों तक चले इस धार्मिक कार्यक्रम में नगर के स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बाहर से आए प्रख्यात कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का जीवंत और मनमोहक मंचन किया।
पुष्प वर्षा और 'जय श्रीराम' के जयकारों से गूंजा नगर
महोत्सव का विशेष आकर्षण एकादशी तिथि को आयोजित भरत मिलाप का कार्यक्रम रहा, जिसने संपूर्ण उतरौला नगर को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भरत मिलाप से पूर्व भगवान श्री राम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण और हनुमान जी की एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों व बाजारों से होकर गुजरी, जहां स्थान-स्थान पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर रथ का स्वागत किया। इस दौरान गूंजते 'जय श्रीराम' के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
जामा मस्जिद और ज्वाला महारानी मंदिर के मध्य हुआ ऐतिहासिक मिलाप
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि भरत मिलाप का यह मुख्य कार्यक्रम नगर की जामा मस्जिद और ज्वाला महारानी मंदिर के ठीक बीचों-बीच आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक स्थल पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंचन के दौरान जब भगवान श्रीराम और भ्राता भरत का मिलाप हुआ, तो वह अलौकिक एवं कारुणिक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर जन-मानस भाव-विभोर हो उठा। उपस्थित लोगों ने इस पावन दृश्य को समाज में अपार प्रेम, त्याग और भ्रातृ-एकता का अनूठा प्रतीक बताया।
नैतिक मूल्यों और आपसी सौहार्द का दिया संदेश
आयोजन को लेकर रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जहां नगरवासी अपनी प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हैं, वहीं समाज में उच्च नैतिक मूल्यों, भातृत्व भाव और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश भी प्रसारित होता है।
रामलीला कमेटी के सभी पदाधिकारियों एवं निष्ठावान सदस्यों ने पूरे दस दिनों तक अनवरत सेवा भाव से कार्य कर इस वृहद आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाया।
हिन्दी संवाद न्यूज से असगर अली की खबर उतरौला बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know