बलरामपुर- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में विधिक सेवा कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार एवं क्रियान्वयन के उद्देश्य से पैरा लीगल स्वयंसेवकों (पीएलवी) का चयन किया जाएगा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर ने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देशानुसार जनपद मुख्यालय पर 08 पीएलवी, तहसील सदर बलरामपुर में 05 पीएलवी, तहसील उतरौला में 02 पीएलवी तथा तहसील तुलसीपुर में 02 पीएलवी की नियुक्ति की जानी है। इस प्रकार *जनपद में कुल 17 पैरा लीगल स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा।*
उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता एवं न्याय संबंधी जानकारी पहुंचाना है। पैरा लीगल स्वयंसेवक आमजन को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विधिक सेवा कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में सहयोग प्रदान करेंगे।
*इन श्रेणियों के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन*
पैरा लीगल स्वयंसेवकों के चयन हेतु चिकित्सक, अध्यापक (सेवानिवृत्त), सरकारी सेवक एवं वरिष्ठ नागरिक (सेवानिवृत्त), एमएसडब्ल्यू उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं एवं अध्यापक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, उभयलिंगी समुदाय के सदस्य, विधि छात्र-छात्राएं (अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत न हों), स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता, महिला संगठनों के सदस्य, मैत्री संगठन एवं अन्य सेवा समूहों के सदस्य आवेदन कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त अच्छे व्यवहार वाले शिक्षित बंदी, जो लंबी अवधि की सजा कारागार में काट रहे हों, विशेष प्रतिभावान खिलाड़ी, विशिष्ट कलाकार तथा किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय कौशल प्रदर्शित करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्ति भी आवेदन कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपयुक्त समझे जाने वाले अन्य व्यक्ति भी चयन प्रक्रिया में सम्मिलित हो सकते हैं।
*29 अक्टूबर को सायं 4 बजे तक जमा होंगे आवेदन*
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र *दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को सायं 4:00 बजे तक* पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर या तहसील विधिक सेवा समिति सदर बलरामपुर, उतरौला एवं तुलसीपुर के कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।
आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर से प्राप्त किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जनपद न्यायालय, बलरामपुर की वेबसाइट से भी आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकता है।
*30 अक्टूबर को आयोजित होगा साक्षात्कार*
प्राप्त आवेदन पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार *दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय, बलरामपुर में* आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार में उपस्थित होने के लिए अभ्यर्थियों को कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
चयनित पैरा लीगल स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित दर के अनुसार प्रति कार्य दिवस मानदेय प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत दूरस्थ गांवों में जाकर विधिक साक्षरता से संबंधित साहित्य का वितरण करना, लीगल एड क्लीनिक एवं फ्रंट ऑफिस में उपस्थित होकर विधिक सहायता संबंधी कार्यों में सहयोग देना आदि गतिविधियां सम्मिलित होंगी।
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने की आवेदन की अपील*
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर ने जनपद के पात्र एवं समाजसेवा के इच्छुक व्यक्तियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर इस महत्वपूर्ण पहल में सहभागिता करें।
उन्होंने बताया कि पैरा लीगल स्वयंसेवकों की भूमिका आमजन, विशेषकर समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को विधिक सहायता एवं उनके अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पहल से जनपद में विधिक जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा तथा जरूरतमंद व्यक्तियों तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
             

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने