बलरामपुर - आगामी माँ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 16.10.2026 को अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विशाल पाण्डेय द्वारा राप्ती नदी तट स्थित सिसई घाट विसर्जन स्थल एवं आसपास के सुरक्षा प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने विसर्जन घाट और मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला कर्मियों तथा सादे वस्त्रों में पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। जल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गोताखोरों, नावों और सभी आवश्यक बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा, भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु रूट डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
अपर पुलिस अधीक्षक महोदय ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा पूजा समितियों के आयोजकों एवं आम जनता के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली देहात श्री गिरीजेश तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौके पर उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: वी. संघर्ष
हिन्दी संवाद न्यूज, बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know