बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने रविवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन कक्ष, बैठने की व्यवस्था और विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी तैयारियों एवं पुस्तकालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी के निर्देशन में क्रिटिकल गैप से ₹20 लाख की धनराशि खर्च कर पुस्तकालय का कायाकल्प किया गया है। यहां बेहतर फर्नीचर, सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था, शांत अध्ययन वातावरण तथा विभिन्न विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
डीएम ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार नई एवं उपयोगी पुस्तकों की संख्या लगातार बढ़ाने और सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने कहा कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का उत्कृष्ट केंद्र बनाया जाए।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know