जनपद बलरामपुर- आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास,विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने प्राप्त प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए नियमानुसार प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं राजस्व से संबंधित प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में प्रकरण की जांच एवं नियमानुसार निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े संवेदनशील मामलों में केवल कार्यालय स्तर से कार्रवाई न की जाए, बल्कि आवश्यकता के अनुरूप मौके का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों एवं वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर समाधान कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारित किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा फरियादियों को एक ही समस्या को लेकर बार-बार तहसील अथवा जिला मुख्यालय न आना पड़ें। निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए तथा की गई कार्रवाई से उसे अवगत भी कराया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारी अपने स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और ऐसे प्रकरण जिनका तत्काल समाधान संभव है, उनमें अनावश्यक विलंब न किया जाए।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं अन्य आपसी विवादों से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मौके पर जाकर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम सदर सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, तहसील एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने