जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को उतरौला के अटल चौक स्थित लेबर अड्डे पर श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने प्रतिभाग किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान श्रमिकों की आवश्यक स्वास्थ्य जांच करते हुए चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। श्रमिकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) में पंजीयन तथा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान पात्र पाए गए 06 श्रमिकों का BOCW पंजीयन भी कराया गया।
श्रमिकों को बताया गया कि पंजीयन के माध्यम से पात्रता के अनुसार शासन द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। श्रमिकों को पंजीयन एवं योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई, जिससे अधिक से अधिक पात्र श्रमिक योजनाओं से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से श्रमिकों एवं जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर में एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, औषधि वितरण तथा श्रमिक पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
               रिपोर्टर वी. संघर्ष
                  बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने