बलरामपुर- 51वीं यूपी बटालियन एनसीसी बलरामपुर के तत्वावधान में बनवारी देवी अशोक कुमार स्मारक महाविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया एनसीसी यूपी ट्रैकिंग कैम्प प्रथम के तीसरे दिन कैडेटों ने भैसाही नाका क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान कैडेटों ने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, वनस्पतियों और जैव विविधता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
शनिवार को बटालियन के कार्यवाहक कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनुराग गंजवार के निर्देशन में विभिन्न ग्रुप के कैडेटों ने अपने-अपने निर्धारित रूट पर ट्रैकिंग की। दिल्ली ग्रुप के कैडेटों ने भैसाही नाका रूट पर भ्रमण करते हुए प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यावरणीय महत्व को करीब से समझा।
कैडेटों को बताया गया कि भैसाही नाका श्रावस्ती जिले में सुहेलवा वन्यजीव अभयारण्य के निकट स्थित होने के कारण प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह इलाका भाबर-तराई पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा है और अपनी समृद्ध जैव विविधता तथा प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है।
क्षेत्र की वन संपदा में मुख्य रूप से साल, आसन, खैर, टीक, शीशम, जामुन सहित विभिन्न औषधीय पौधे पाए जाते हैं। कैडेटों ने प्राकृतिक वातावरण का अवलोकन करते हुए वन एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व को भी समझा। नेपाल सीमा से सटे इस क्षेत्र की प्राकृतिक एवं पारिस्थितिकीय विशेषताओं के बारे में भी उन्हें जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर बिनय घोष, एनसीसी अधिकारी बृजेश कुमार, हवलदार शेर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know