जनपद बलरामपुर- जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तत्वावधान में विकास खंड बलरामपुर परिसर में निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना तथा उन्हें अधिक आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सदर पल्टूराम एवं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी द्वारा पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर पल्टूराम ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है। दिव्यांगजन समाज का अभिन्न एवं महत्वपूर्ण अंग हैं। सरकार का उद्देश्य केवल उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाते हुए शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जीवन में समान अवसर प्रदान कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है। दिव्यांगजनों के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र दिव्यांगजन इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी ने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में गतिशीलता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन उपकरणों से दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम होती है तथा शिक्षा, स्वरोजगार एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
*108 सहायक उपकरणों का हुआ निःशुल्क वितरण*
शिविर के दौरान चिह्नित पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कुल 108 सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। इनमें 25 ट्राई साइकिल, 36 हियरिंग एड (कान की मशीन), 17 स्मार्ट केन, 12 व्हीलचेयर, 10 एमआर किट (मानसिक मंदित बच्चों हेतु) तथा 08 ब्रेल किट (दृष्टिबाधितों हेतु) शामिल रहे।
सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इन उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में अधिक सुगमता मिलने के साथ ही उनकी गतिशीलता एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने उपस्थित दिव्यांगजनों को विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग पेंशन योजना, शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दुकान निर्माण एवं स्वरोजगार ऋण योजना आदि की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्रता के अनुसार इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांग लाभार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know