जनपद बलरामपुर- पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में मूक एवं बधिर जनों से बेहतर संवाद, सामंजस्य एवं संवेदनशीलता स्थापित करने के उद्देश्य से 04 अक्टूबर को रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर के सभागार में एक दिवसीय सांकेतिक भाषा (Sign Language) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइंस डॉ. जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं से आए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। विशेषज्ञ प्रशिक्षक ने पुलिसकर्मियों को हाथों के इशारों, अंगुलियों की स्थिति और चेहरे के भावों के माध्यम से संवाद करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान A-Z वर्णमाला, 0-9 संख्याओं के साथ नमस्ते, नाम, पता, मदद, पुलिस, थाना, चोरी, मारपीट, दुर्घटना, अस्पताल और खतरा जैसे महत्वपूर्ण संकेतों की जानकारी दी गई। साथ ही एफआईआर दर्ज करते समय मूक-बधिर शिकायतकर्ता से आवश्यक जानकारी सांकेतिक भाषा के माध्यम से प्राप्त करने का अभ्यास कराया गया।
पुलिसकर्मियों को मूक-बधिर व्यक्तियों से बातचीत के दौरान धैर्य, सम्मान, संवेदनशीलता एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति थाने या चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचे तो उसे अपनी बात समझाने में कठिनाई न हो और वह स्वयं को असहाय महसूस न करे।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव सहित विभिन्न थानों एवं शाखाओं से आए उपनिरीक्षक तथा अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know