सीएमएस के पूर्व छात्र संभालेंगे भारतीय वायुसेना की कमान
लखनऊ, 7 अक्टूबर। आगामी 31 अक्टूबर को जब एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना की कमान संभालेंगे, तो विश्व की तीसरी सबसे बड़ी वायुसेना का नेतृत्व उस छात्र के हाथों में होगा, जिसने कभी लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, राजेंद्र नगर कैंपस के गलियारों में कदम रखा था। सीएमएस के 1980 बैच के छात्र रहे एयर मार्शल दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला चीफ ऑफ द एयर स्टाफ नियुक्त किया गया है।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के 29वें वायुसेना प्रमुख होंगे। वे वर्तमान एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे। यह उपलब्धि सीएमएस परिवार के साथ-साथ लखनऊ और पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
श्री दीक्षित को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मानों में शामिल परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM), विशिष्ट सेवा पदक (VSM) एवं वायु सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऑस्ट्रेलिया में भारत के पूर्व उच्चायुक्त एवं सीएमएस राजेंद्र नगर कैंपस के ही पूर्व छात्र श्री गोपाल बागले, आईएफएस (सेवानिवृत्त) ने कहा,
“भारतीय वायुसेना में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित के शानदार सेवाकाल के शिखर तक पहुंचते देखना उनके सभी सहपाठियों, मित्रों और सहयोगियों के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। लखनऊ के इस असाधारण प्रतिभाशाली अधिकारी ने, जो अपने सहज एवं सरल व्यक्तित्व के लिए भी जाने जाते हैं और इसी लखनऊ से आते हैं, जिसने स्क्वाड्रन लीडर ट्रेवर कीलोर जैसे महान वाय योद्धा को भी जन्म दिया, यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया जाए तो आकाश भी सीमा नहीं है।”
सीएमएस संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी, प्रबन्धक एवं एमडी प्रो. गीता गांधी किंगडन तथा सम्पूर्ण सीएमएस परिवार ने एयर मार्शल दीक्षित को उनकी नियुक्ति पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि एयर मार्शल दीक्षित की उपलब्धियों से भरी यात्रा देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
सीएमएस राजेंद्र नगर कैंपस की तत्कालीन प्रधानाचार्या सुश्री सुदर्शन कौर ने भी एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की उपलब्धि पर भावुक होते हुए कहा,
“मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर यह गर्व का विषय है कि मेरे छात्र ने अपने क्षेत्र में सर्वोच्च मुकाम हासिल किया है।”
इस खुशी के अवसर पर सीएमएस प्रधान कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं और सीएमएस परिवार ने भारतीय वायुसेना के भावी प्रमुख श्री आशुतोष दीक्षित के अत्यंत सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know