बलरामपुर- आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवी मंदिर, देवीपाटन तुलसीपुर परिसर में लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि नवरात्रि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ का सुचारु एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जाए।
*महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर*
एसपी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की निगरानी, महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त ड्यूटी तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्धारित यातायात प्लान के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग कराने तथा मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग सुगम बनाए रखने को कहा।
*सीसीटीवी और पेट्रोलिंग से रहेगी निगरानी*
मंदिर एवं मेला क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था का भी एसपी ने जायजा लिया। उन्होंने महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ लगातार पेट्रोलिंग एवं फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने मंदिर प्रबंधन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

            हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने