भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उ0प्र0 एवं असम के मुख्यमंत्री जनपद वाराणसी
में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अन्तर्गत वडनगर से काशी पहुँचे सेवा
यात्रियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए
देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री जी के संकल्पों को
कार्यकर्ता गाँव-गाँव तक लेकर जाएं : राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से
उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ा
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री जी ने गुजरात को
विकास और सुशासन की नई पहचान दी : मुख्यमंत्री, उ0प्र0
07 अक्टूबर, 2001 को गुजरात की धरती पर
एक करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ
सुरक्षित और समृद्ध भारत वैश्विक मानचित्र पर एक ताकत के रूप में उभरा
प्रधानमंत्री जी का विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी
पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक राज्य, जनपद, गाँव और कस्बा
आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़े
नए उ0प्र0 की पहचान केवल विकास से नहीं, बल्कि अपनी
समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के पुनरुत्थान से हो रही
काशी विश्वनाथ की पावन धरा से मां गंगा का जल लेकर गुजरात की धरती पर हाटकेश्वर महादेव और हाटकेश्वर महादेव एवं गुजरात की पवित्र नदियों का
जल देवाधिदेव महादेव भगवान विश्वनाथ को अर्पित किया जा रहा
गुजरात से काशी तक की यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक
एकता की अभिव्यक्ति, यात्रा में शामिल युवा साथियों ने 10 राज्यों की यात्रा की
यात्रा में दिखाई देने वाली यही ऊर्जा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित
राष्ट्र बनाने की प्रधानमंत्री जी की संकल्पना को पूर्ण करने में लगेगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर
तक सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम तय किया, अभियान
सफलता के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा
कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का संदेश लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए स्वयं
को तैयार करें और प्रधानमंत्री जी के संकल्पों को जन-जन तक पहुँचाने के साथ
वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें
उ0प्र0 और असम के मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ
मन्दिर और श्री काल भैरव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया
लखनऊ : 07 अक्टूबर, 2026 :ः भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने कहा कि देश को विकसित बनाने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने जो संकल्प लिए हैं, उनको सभी कार्यकर्ता गाँव-गाँव तक लेकर जाएं। अगर हम विगत 25 वर्षों को देखें, तो कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री जी ने इतिहास रचा है। जनभावना को समझते हुए उन्होंने देश को निराशा के माहौल से बाहर निकालने का कार्य किया। उन्होंने युवाओं में आशा और उम्मीद जगाने का कार्य किया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और असम के मुख्यमंत्री डॉ0 हिमंता बिस्वा सरमा आज जनपद वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अन्तर्गत वडनगर से काशी पहुँचे सेवा यात्रियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। श्री नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने तीन तलाक प्रथा को रोकने के लिए कानून बनाया, भारत को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया तथा सभी 04 करोड़ से अधिक जरूरतमन्द लोगों को आवास की सुविधा देकर लाभान्वित किया। प्रधानमंत्री जी ने नक्सलवाद को समाप्त किया तथा उत्तर पूर्व राज्यों तक आसान पहुँच सुनिश्चित की।
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रयासों से उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य बनाने का कार्य किया है।
श्री नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी के अन्त्योदय की भी बात की। उन्होंने डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के सपनों को साकार करने का कार्य किया। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का नारा लेकर प्रधानमंत्री जी ने देश को नई ऊँचाइयाँ दी हैं। आज विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहता है। भारत की जनता अराजकता वादी मानसिकता को कड़ा जवाब देगी। ‘वी कैन डू इट’ के नारे के साथ युवा सभी जगह डटे रहेंगे। युवा साथी न थकेगा, न डिगेगा और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा ऐसे समय काशी पहुँची है, जब सम्पूर्ण भारत ‘हेड ऑफ द गवर्नमेण्ट’ के रूप में प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सफलतम सार्वजनिक कार्यकाल का उत्सव मना रहा है। यह यात्रा प्रधानमंत्री जी की जन्मभूमि से उनकी कर्मभूमि तक पहुँची है। 07 अक्टूबर, 2001 को गुजरात की धरती पर एक करिश्माई नेतृत्व का आगमन हुआ। उस समय गुजरात एक बड़ी आपदा से त्रस्त था। भुज के भूकम्प ने सम्पूर्ण देश को हिलाकर रख दिया था। लोग गुजरात को लेकर चिन्तित थे। कई महीनों तक भूकम्प के झटके महसूस किए जा रहे थे, लेकिन कर्मयोगी नेतृत्व के संकल्प और परिश्रम से गुजरात फिर खड़ा हुआ।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब श्री नरेन्द्र मोदी जी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उनके नेतृत्व में गुजरात एक मॉडल स्टेट के रूप में विकसित हुआ। उन्होंने गुजरात को विकास और सुशासन की नई पहचान दी। उस दौरान कुछ लोगों ने उजड़े हुए गुजरात में सेंध लगाने तथा सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस किया था, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी। गुजरात ने सुरक्षा और विकास का जो अनुभव उस समय प्राप्त किया, आज वही अनुभव सम्पूर्ण भारत कर रहा है। आज सुरक्षित और समृद्ध भारत वैश्विक मानचित्र पर एक ताकत के रूप में उभरा है।
गुजरात की धरती से प्रधानमंत्री जी ने 25 वर्ष पूर्व सरकार के नेतृत्व की जो यात्रा प्रारम्भ की थी, आज उसके सफलतम 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। प्रधानमंत्री जी का विजन विकसित और आत्मनिर्भर भारत का है। यह संकल्प तभी पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक राज्य, जनपद, गाँव और कस्बा आत्मनिर्भर और विकसित बनने की दिशा में आगे बढ़े। इसी भावना के साथ देश में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा आगे बढ़ी है। विगत 12 वर्षों में लोगों ने बदलती हुई काशी और बदलते हुए उत्तर प्रदेश को देखा है।
आज से लगभग 10 वर्ष पूर्व प्रदेश की स्थिति अच्छी नहीं थी। तत्कालीन समाजवादी पार्टी की सरकार के समय माफिया जमीन पर कब्जा करता था। उस समय बेटियां सूर्यास्त के बाद बाहर नहीं निकल सकती थीं और व्यापारी भय के साए में जीवन जीने के लिए मजबूर थे। पर्व और त्योहारों के पूर्व उत्सव का वातावरण नहीं, बल्कि उपद्रव की आशंका शुरू हो जाती थी। अराजकता का यह तांडव तत्कालीन उत्तर प्रदेश की डरावनी तस्वीर प्रस्तुत करता था। इसने सम्पूर्ण प्रदेश को पहचान के संकट से गुजारा। आज स्थिति बदल चुकी है। जिन माफियाओं के कारण प्रदेश में भय और अव्यवस्था का वातावरण होने का आरोप लगाया जाता था, उनके विरुद्ध कार्रवाई हुई और प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, विकास तथा सुशासन की दिशा में नई पहचान बनाई है।
आज नए उत्तर प्रदेश की पहचान केवल विकास से नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के पुनरुत्थान से भी हो रही है। काशी विश्वनाथ धाम का भव्य निर्माण, अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण, मां विंध्यवासिनी धाम में कॉरिडोर का निर्माण, भव्य एवं दिव्य कुम्भ की परिकल्पना, काशी की नई भव्यता तथा मथुरा-वृन्दावन की बढ़ती चहल-पहल आज नए उत्तर प्रदेश और नए भारत की पहचान बन गई है। जिस प्रदेश में कभी पर्व और त्योहारों से पहले उपद्रव की आशंका व्यक्त की जाती थी, वहां आज धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रदेश को नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प का अभिनंदन करने का अवसर होने के साथ ही उनकी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को भी साकार कर रही है। काशी विश्वनाथ की पावन धरा से मां गंगा का जल लेकर गुजरात की धरती पर हाटकेश्वर महादेव को अर्पित किया जा रहा है। वहीं हाटकेश्वर महादेव का पवित्र जल और गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर यात्री देवाधिदेव महादेव भगवान विश्वनाथ को समर्पित करने के लिए काशी पहुंचे हैं।
गुजरात से काशी तक की यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता की अभिव्यक्ति है। यात्रा में शामिल युवा साथियों ने 10 राज्यों की यात्रा की है। इस दौरान उन्होंने गर्मी व बरसात का सामना किया और विभिन्न प्रकार की परिस्थितियों के मध्य अपनी यात्रा जारी रखी। प्रतिदिन बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए आज उनका काशी पहुंचना सभी के लिए आनन्द और गौरव का विषय है। यात्रा में दिखाई देने वाली यही ऊर्जा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रधानमंत्री जी की संकल्पना को पूर्ण करने में लगेगी। युवा शक्ति और कार्यकर्ताओं की यही ऊर्जा देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक एक माह के सेवा संकल्प अभियान का कार्यक्रम तय किया है। यह अभियान सफलता के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जी स्वयं काशी में उपस्थित होकर युवा एवं उत्साही कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है। यह अवसर प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प, विकसित भारत के लक्ष्य, आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है। कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का संदेश लेकर आगामी कार्यक्रमों के लिए स्वयं को तैयार करें और प्रधानमंत्री जी के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।
असम के मुख्यमंत्री डॉ0 हिमंता बिस्वा सरमा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज बहुत बड़ा दिन है, क्योंकि आज से 25 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को भूकम्प से प्रभावित गुजरात का नेतृत्व मिला था। उन्होंने गुजरात को अग्रणी राज्यों के रूप में लाकर खड़ा किया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पार्टी के पास आज सम्पूर्ण देश में 2,530 से अधिक विधायक तथा 740 से अधिक सांसद हैं। उन्होंने देश को आगे बढ़ाते हुए विश्व में एक नई शक्ति के रूप में उभारा है। आज सेमीकण्डक्टर निर्माण से देश को पहचान मिली है। नक्सलवाद व उग्रवाद से छुटकारा मिला है। आज देश विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर है। आज अरुणाचल प्रदेश में चीन बॉर्डर पर 06 लेन सड़क का निर्माण हुआ है। विकास की गाथा को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य हम सभी को करना है।
कार्यक्रम को केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी, एम0एस0एम0ई0 राज्य मंत्री श्री हंस राज विश्वकर्मा व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य व श्री ब्रजेश पाठक, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्री हिमांक जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इसके उपरान्त उत्तर प्रदेश और असम के मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर और श्री काल भैरव मन्दिर में दर्शन-पूजन किया।
------------








एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know