जनपद बलरामपुर- भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में सभी पात्र नागरिकों का नाम सम्मिलित कराए जाने के उद्देश्य से जनपद में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के सभी 1805 मतदान बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए, जहां बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के फॉर्म-6 भराए गए।
इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने विधानसभा तुलसीपुर में प्राथमिक विद्यालय शिवानगर , मतदान बूथ संख्या 408 एवं 409 का निरीक्षण कर पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है उनके फॉर्म 06 भराए जाने की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी ने ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से प्राप्त फॉर्म-6 तथा विशेष रूप से युवा मतदाताओं के आवेदन की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे सभी पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका फॉर्म-6 भरवाया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
*18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं का विशेष रूप से मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए संबंधित क्षेत्र में ऐसे पात्र युवाओं की पहचान कर उन्हें फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित किया जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पात्र युवा एवं महिला मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे मतदाता सूची की नवीनतम प्रतियों के आधार पर पात्र नागरिकों का नाम जांचें तथा जिनका नाम सूची में दर्ज नहीं है, उनसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरवाएं।
*सभी 1805 मतदान बूथों पर आयोजित हुए विशेष कैंप*
विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी 1805 मतदान बूथों पर संबंधित बीएलओ द्वारा उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण का कार्य किया गया। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 1805 बीएलओ, 24 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं 04 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।
*24 अक्टूबर को भी आयोजित होगा विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान*
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दिनांक 17 अक्टूबर के अतिरिक्त *24 अक्टूबर 2026 को भी जनपद के सभी 1805 मतदान बूथों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान आयोजित किया जाएगा।* इस दौरान संबंधित बीएलओ प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक मतदाता सूची की नवीनतम प्रतियों एवं फॉर्म-6 के साथ उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने संबंधित मतदान बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरें।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know