जनपद बलरामपुर- आगामी प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को पूरी श्रद्धा, शांति और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने तहसील सदर अंतर्गत सिसई घाट का स्थलीय निरीक्षण कर प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल, पहुंच मार्गों और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विसर्जन से जुड़ी सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
*जल सुरक्षा और फ्लड पीएसी के पुख्ता इंतजाम*
गहरे पानी में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने विशेष एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थल पर फ्लड पीएसी की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। इसके साथ ही प्रशिक्षित बचावकर्मी (गोताखोर), लाइफ जैकेट, रस्सियां व अन्य आवश्यक उपकरण हर समय तैयार स्थिति में रहें। घाटों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षित विसर्जन क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने के आदेश दिए गए हैं।
*सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था*
DM डॉ. विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका व संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि घाटों और पहुंच मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर मार्ग को सुगम बनाया जाए। सायंकाल के समय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे घाट परिसर तथा पहुंच मार्गों पर पर्याप्त लाइट/प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कड़ा सुरक्षा घेरा और पुलिस प्रबंधन
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लेते हुए बताया कि विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी ताकि विसर्जन समितियां और श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के सौहार्दपूर्ण वातावरण में विसर्जन कर सकें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रतिमा विसर्जन का यह महान पर्व पूरी श्रद्धा, पवित्रता और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know