बलरामपुर -जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम चरनगहिया बेलहा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदय विदारक घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया।
​घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने तुरंत ग्राम चरनगहिया बेलहा पहुंचकर मृतकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य बंधाया और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का पूरा आश्वासन दिया।
​पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारी को घटना के संबंध में सख्त और त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार भी कर लिया है तथा आगे की कठोर विधिक प्रक्रिया जारी है।
​इस दौरान क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात समेत पुलिस व प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारीगण मौजूद रहे।
                   

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने