बलरामपुर- आदर्श नगरपालिका परिषद स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे विविध स्वच्छता कार्यक्रमों की श्रृंखला में आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर द्वारा झारखंडी सरोवर में विशेष सफाई अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों ने झारखंडी सरोवर परिसर में पहुंचकर श्रमदान किया और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान सरोवर परिसर में फैले कूड़े-कचरे एवं अन्य अपशिष्ट को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया तथा लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों,जलस्रोतों एवं धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में जनभागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोगों को श्रमदान एवं जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता अभियान से जोड़ना है। नगर पालिका द्वारा अभियान के दौरान नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
श्रमदान कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्या,कर निरीक्षक राजेश कुमार,जेई सिविल अविनाश यादव,जेई जल धर्मेंद्र गौड़, सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
नगर पालिका अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा स्वच्छ एवं सुंदर बलरामपुर के निर्माण के लिए नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know