जनपद बलरामपुर- पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह द्वारा प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना आर0पी0यादव एवं जनपदीय साइबर सेल बलरामपुर की टीम के साथ माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल/मैसेज, OTP फ्रॉड, QR कोड के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी KYC अपडेट, बैंकिंग फ्रॉड, UPI फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी वेबसाइट एवं लिंक, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट तथा साइबर बुलिंग आदि के संबंध में जागरूक किया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर महोदय द्वारा बताया गया कि बैंक, पुलिस अथवा किसी भी सरकारी संस्था द्वारा फोन पर OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड अथवा UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगी जाती है। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात QR कोड स्कैन करने या बिना सत्यापन के ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।
छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अपने सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड एवं Two-Factor Authentication का प्रयोग करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो एवं दस्तावेज अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई, ताकि समय रहते साइबर ठगी की धनराशि को होल्ड/फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना एवं जनपदीय साइबर सेल की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी गई तथा उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक रहने एवं अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
बलरामपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराध की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know