उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में बुलंदशहर में विकास कार्यों एवं शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न
विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
लखनऊ/बुलंदशहर, 19 सितम्बर, 2026
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में शनिवार को निरीक्षण भवन सभागार, बुलंदशहर में जनपद के जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों तथा शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्री मौर्य ने कानून-व्यवस्था, सड़क एवं निर्माण कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, कृषि, सिंचाई, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जनसुनवाई एवं शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।
उप मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी परियोजना अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी श्री कुमार हर्ष सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विभागवार प्रगति की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने उप मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर सांसद डॉ. भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री निशा ग्रेवाल, विधायक श्री लक्ष्मी राज सिंह, श्री संजय शर्मा, श्रीमती मीनाक्षी सिंह, श्री प्रदीप कुमार चौधरी, श्री चन्द्रपाल सिंह, श्री देवेन्द्र सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विकास चौहान सहित जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ स्थानीय विषयों पर चर्चा की तथा पत्रकार बंधुओं से प्रेस वार्ता के माध्यम से विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
*पूर्व राज्य मंत्री एवं विधायक श्री अनिल कुमार शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया*
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुलंदशहर में उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री एवं विधायक श्री अनिल कुमार शर्मा के निधन पर उनके आवास पहुंचकर उनके स्मृति-चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
*श्रीमती लज्जा रानी गर्ग के निधन पर परिजनों से व्यक्त की शोक संवेदना*
इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने हापुड़ पहुंचकर उत्तर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश भाजपा पश्चिम क्षेत्र की पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीमती लज्जा रानी गर्ग के निधन पर उनके आवास पहुंचकर उनके स्मृति-चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know