जलालपुर अम्बेडकर नगर।जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पेठिया हलिमपुर गांव में बुधवार देर शाम खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। उसकी मौत से पत्नी और तीन मासूम बेटियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
पेठिया हलिमपुर निवासी धीरेंद्र सागर (38) पुत्र स्वर्गीय तिलकधारी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बुधवार देर शाम वह गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में जानवरों के लिए चारा काटने गया था। बताया जा रहा है कि खेत के आसपास जानवरों को रोकने के लिए झटका मशीन लगाई गई थी। इसी दौरान वह उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों और समाजसेवियों का आरोप है कि खेत में जानवरों को रोकने के लिए लगाई गई झटका मशीन की आड़ में करंट प्रवाहित तार दौड़ाया गया था। इसी तार की चपेट में आने से मजदूर की जान गई। हालांकि, खेत में किस प्रकार करंट प्रवाहित किया गया था और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
धीरेंद्र सागर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। मजदूरी करके वह पत्नी और तीन बेटियों का पालन-पोषण करता था। उसकी सबसे बड़ी बेटी करीब 12 वर्ष, दूसरी सात वर्ष और तीसरी महज चार वर्ष की है। पिता की अचानक मौत से तीनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की इस स्थिति को देखकर ग्रामीण भी गमगीन हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author
![]() |
| जीवन |


एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know