बलरामपुर- नगर क्षेत्र में डीजे की तेज ध्वनि के कारण बच्ची की हृदयविदारक मृत्यु की घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगरपालिका सभागार में सर्व समाज की बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न समाजों एवं वर्गों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर डीजे की तेज ध्वनि से होने वाली परेशानियों और इसके दुष्प्रभावों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि डीजे की अत्यधिक तेज ध्वनि से विशेष रूप से बीमार,बुजुर्गों,छोटे बच्चों तथा हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हाल ही में नगर क्षेत्र में हुई दुखद घटना ने इस गंभीर विषय पर सामूहिक रूप से विचार करने की आवश्यकता को और अधिक महत्वपूर्ण बना दिया है।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शांति सर्वोपरि है। किसी भी धार्मिक,सामाजिक अथवा अन्य आयोजन में ध्वनि की तीव्रता इतनी अधिक नहीं होनी चाहिए,जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो अथवा किसी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।
सर्व समाज की बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद नगर क्षेत्र में डीजे की तेज एवं तीव्र ध्वनि पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। उपस्थित प्रतिनिधियों ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों की परंपराओं और उत्सव की भावना के साथ-साथ जनस्वास्थ्य एवं नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर पालिका की ओर से नगरवासियों से अपील की गई कि वे इस निर्णय में सहयोग करते हुए नगर में शांति,सौहार्द और अनुशासन का वातावरण बनाए रखें। आयोजकों से भी अपेक्षा की गई कि किसी भी कार्यक्रम के दौरान ध्वनि के स्तर का विशेष ध्यान रखा जाए और बीमार,बुजुर्गों एवं बच्चों की संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, सर्वेश सिंह, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन खा, अब्दुल वहाब, आरिफ हुसैन, रमेश पहवा, प्रीतपाल सिंह, संजय कुमार मिश्र, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, डॉ.तुलसी दुबे, गंगा शर्मा, डॉ.देवेश श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा,कृष्ण गोपाल गुप्ता,डॉ.राकेश चंद्र, संजय मिश्रा, मनोज गुप्ता, संतोष गुप्ता, संजय शुक्ला, आनंद किशोर गुप्ता, शुभेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, सुनील गुप्ता, प्रकाश सोनी, अब्दुल बारी, अम्बरीश शुक्ला, विनोद गिरि सहित सभासदों के प्रतिनिधि, नगर पालिका के सभासद एवं संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने