बलरामपुर- मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने मंगलवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इमर्जेंसी वार्ड, ईटीसी वार्ड तथा स्वाइन फ्लू वार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से स्वाइन फ्लू वार्ड में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों तथा मरीजों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि स्वाइन फ्लू से संबंधित मरीजों की जांच, उपचार एवं निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
सीएमओ ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
डॉ. रस्तोगी ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know