जनपद बलरामपुर- मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को न्यूनतम करने तथा वन क्षेत्र से सटे एवं संवेदनशील ग्रामों में ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों को तेंदुए एवं अन्य जंगली जानवरों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
तुलसीपुर रेंज के ग्राम झौंहना तथा ग्राम हल्लौरा संग्रामपुर में वन विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। टीम ने ग्रामीणों को जंगली जानवर दिखाई देने की स्थिति में सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से उसके नजदीक न जाने, भीड़ एकत्र न करने तथा तत्काल वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को सूचना देने के संबंध में जानकारी दी।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत रेहरा में भी ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षा एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उन्हें विशेष रूप से वन क्षेत्र एवं झाड़ियों के आसपास सतर्कता बरतने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।
*संवेदनशील पगडंडियों पर लगाई गईं लाल झंडियां*
अभियान के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा जंगल एवं वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली विभिन्न पगडंडियों तथा संभावित संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करते हुए लाल झंडियां लगाई गईं, जिससे स्थानीय लोगों को ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का संकेत मिल सके। इस दौरान रास्ते में मिले ग्रामीणों, राहगीरों एवं अन्य लोगों से भी संवाद कर उन्हें मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण के उद्देश्य एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
वन विभाग की टीम ने गांवों में पोस्टर एवं जागरूकता सामग्री के माध्यम से भी तेंदुए/जंगली जानवरों से बचाव के उपाय बताए। ग्रामीणों को बताया गया कि वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने, खदेड़ने या घेरने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में संयम बनाए रखें और वन विभाग को तत्काल सूचित करें।
ग्रामीणों को खेतों, वन क्षेत्र तथा झाड़ियों वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने, विशेषकर सुबह एवं शाम के समय सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर समूह में आवागमन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही पशुओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि अथवा उपस्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित टीम को देने के लिए कहा गया।
*ग्रामीणों से सीधा संवाद, जागरूकता से सुरक्षा पर जोर*
अभियान के दौरान वन विभाग के कार्मिकों द्वारा ग्रामीणों के बीच जाकर सीधे संवाद किया गया। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों को एकत्र कर वन्यजीवों के व्यवहार, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी अप्रत्याशित स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाया गया।
जनपद में मानव-वन्यजीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए जागरूकता, सतर्कता एवं विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वन क्षेत्र से सटे एवं संवेदनशील ग्रामों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में वन्यजीवों के प्रति अनावश्यक भय के स्थान पर सावधानी एवं सुरक्षित व्यवहार विकसित हो और मानव तथा वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व को बढ़ावा मिले।
जिला प्रशासन एवं वन विभाग की अपील है कि वन्यजीव दिखाई देने की स्थिति में लोग घबराएं नहीं, भीड़ न लगाएं, वन्यजीव को परेशान अथवा नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें तथा तत्काल वन विभाग/स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने