श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बसों एवं बस स्टेशनों पर सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करें श्री दयाशंकर सिंह
लखनऊ: 02 सितंबर, 2026
उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व-2026 के अवसर पर बसों एवं बस स्टेशनों पर सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि 04 सितम्बर, 2026 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाना है। उक्त अवसर पर विशेष रूप से मथुरा, वृन्दावन, गोवर्धन आदि प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है। कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा / सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था की दृष्टि से आवश्यक सतर्कता बरती जाए।
एम डी परिवहन निगम श्री प्रभु एन सिंह ने कहा है कि परिवहन मंत्री के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रीय/सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धकों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत बस स्टेशनों, प्रमुख बस अड्डों एवं धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों पर संचालित बसों में विशेष सतर्कता बरती जाए। बसों एवं बस स्टेशनों पर संदिग्ध व्यक्तियों / वस्तुओं की प्रभावी निगरानी एवं आवश्यकतानुसार चेकिंग करायी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस / प्रशासन को दी जाए। भीड़भाड़ वाले बस स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन हेतु पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पर्व के दौरान बसों के संचालन एवं यात्रियों की सुरक्षा के संबंध में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं।

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know