बलरामपुर- नेपाल के चीन-तिब्बत सीमा से सटे रसुवा जिले में भारी अतिवृष्टि एवं ग्लेशियर जनित झील के फटने के बाद नारायणी एवं कोसी नदियों के जलस्तर में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान वृद्धि का जनपद बलरामपुर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नेपाल में उत्पन्न इस स्थिति का जनपद बलरामपुर पर कोई प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। नारायणी एवं कोसी नदियों के जलस्तर में संभावित वृद्धि का प्रभाव मुख्य रूप से बिहार में इन नदियों से जुड़े क्षेत्रों में पड़ने की संभावना है। बलरामपुर में वर्तमान स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
*राप्ती नदी का जलस्तर सामान्य, खतरे के निशान से करीब दो मीटर नीचे*
   जिला प्रशासन द्वारा जनपद में राप्ती नदी के जलस्तर की सतत निगरानी की जा रही है। बुधवार, 26 अगस्त को सायं 06 बजे तक राप्ती नदी का जलस्तर 102.670 मीटर दर्ज किया गया। नदी का चेतावनी स्तर 103.620 मीटर तथा खतरे का निशान 104.620 मीटर है। इस प्रकार राप्ती नदी का जलस्तर वर्तमान में खतरे के निशान से लगभग 1.95 मीटर नीचे है।
      प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर के साथ तटबंधों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है। वर्तमान में जनपद में कहीं भी बाढ़, विस्थापन अथवा किसी प्रकार की आपात स्थिति नहीं है।
किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूर्व से ही व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। जनपद में 32 बाढ़ चौकियां, 19 बाढ़ शरणालय, 32 मेडिकल टीमें तथा 19 पशु शिविर तैयार रखे गए हैं। संबंधित विभागों को नदी के जलस्तर, तटबंधों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाने के लिए संबंधित टीमों एवं संसाधनों को तैयार रखा गया है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर विश्वास न करें। नेपाल में अतिवृष्टि के बाद नारायणी एवं कोसी नदियों में संभावित जलस्तर वृद्धि से बलरामपुर जनपद पर कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। इसका संभावित प्रभाव मुख्य रूप से बिहार के संबंधित नदी क्षेत्रों में हो सकता है। जनपद बलरामपुर में स्थिति सामान्य है तथा प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।

                हिन्दी संवाद न्यूज से
                  रिपोर्टर वी. संघर्ष
                     बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने