बलरामपुर- भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, बलरामपुर के तत्वावधान में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन कैंप कार्यालय, चर्च रोड, बलरामपुर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के जिलाध्यक्ष श्री शिवलाल कोरी जी ने की। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी जी ने कहा कि, “राजीव गांधी जी ने भारत को आधुनिक, प्रगतिशील और तकनीकी रूप से सशक्त राष्ट्र बनाने का सपना देखा था। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा और तकनीक की शक्ति को पहचानते हुए देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।”
पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं AICC सदस्य श्री राज बहादुर यादव ने कहा कि, “राजीव गांधी जी दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं। कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने देश की विकास यात्रा को नई दिशा दी। 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार देने का निर्णय युवाओं के प्रति उनके विश्वास और लोकतांत्रिक सोच को दर्शाता है।”
पीसीसी सदस्य पंकज गुप्ता ने कहा कि, “राजीव गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें।”
अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सियाराम प्रधान ने कहा कि, “राजीव गांधी जी ने भारतीय राजनीति को नई सोच, नई ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण दिया। उनका सपना था कि देश का प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और भारत का युवा आत्मविश्वास के साथ विश्व में अपनी पहचान बनाए।”
जिला उपाध्यक्ष हामिद खलीउल्लाह ने कहा कि, “आज जरूरत है कि हम राजीव गांधी जी के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि उनके आदर्शों को अपने सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के कार्यों में उतारें।”
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी जी के आदर्शों पर चलने तथा संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे के मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मो. जमील, अमेरिका कुरील, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, विश्वनाथ यादव, गुरबचन, दिलशाद हुसैन खान, लालसाहब श्रीवास्तव, अखिलेश प्रसाद मिश्रा, नंदलाल त्रिपाठी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

             हिन्दी संवाद न्यूज से
              रिपोर्टर वी. संघर्ष
                बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने