बलरामपुर- जनपद में विद्युत वितरण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सक्षम एवं उपभोक्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन के कुशल मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के बिजनेस प्लान 2026-27 के अंतर्गत जनपद में कुल 135 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए ₹158.93 लाख (लगभग ₹1.59 करोड़) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की स्थापना, वर्तमान ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि तथा अतिभारित फीडरों से लोड शिफ्टिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के धरातल पर पूर्ण होने से विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन होगा तथा लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग एवं बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में कमी आएगी।
इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
तीनों तहसीलों में विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण पर होगा कार्य
जनपद की तीनों तहसीलों में विद्युत तंत्र की स्थानीय आवश्यकताओं एवं विद्युत भार को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत तहसील उतरौला में 71 कार्यों के लिए ₹87.01 लाख, तहसील तुलसीपुर में 43 कार्यों के लिए ₹48.11 लाख तथा तहसील बलरामपुर सदर में 21 कार्यों के लिए ₹23.81 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
*तहसील उतरौला में ₹87.01 लाख से होंगे 71 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य*
तहसील उतरौला क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 71 कार्य कराए जाएंगे। उतरौला ग्रामीण, तहसील एवं आईपीडीएस उपकेंद्र क्षेत्र में ₹30.77 लाख की लागत से 21 कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अंतर्गत अतिभारित 11 केवी आईपीडीएस-01 फीडर से आईपीडीएस-03 फीडर पर लोड शिफ्टिंग का कार्य ₹5.94 लाख की लागत से किया जाएगा। इससे फीडर पर विद्युत भार का बेहतर वितरण होगा। इसके अतिरिक्त पिपरी कोल्हुई में ₹3 लाख की लागत से 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। पिडिया बुजुर्ग एवं चिरकुटिया में 63 केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए की जाएगी, जिस पर प्रत्येक स्थान पर ₹2.50 लाख व्यय प्रस्तावित है। इसके साथ ही 17 ग्रामों में 25 केवीए के नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
श्रीदत्तगंज उपकेंद्र क्षेत्र में ₹27.01 लाख की लागत से 22 कार्य कराए जाएंगे। इसमें 11 केवी गौर पोषक से शुक्लागंज पोषक पर लोड शिफ्टिंग का कार्य ₹2.70 लाख की लागत से होगा। मछलीमंडी में ₹3 लाख की लागत से 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। बनगंवा में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के साथ ही वभनी, कोठिया, भिटौढ़ी, गौर खास सहित 19 स्थानों पर 25 केवीए के नए परिवर्तक स्थापित किए जाएंगे।
इसी प्रकार गैण्डास बुजुर्ग उपकेंद्र क्षेत्र में ₹19.33 लाख की लागत से विद्युत सुदृढ़ीकरण के कार्य होंगे। इसके तहत जलापुरवा में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की जाएगी तथा 17 ग्रामों में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
रेहरा उपकेंद्र क्षेत्र में ₹9.90 लाख की लागत से बसावन बनकट, वैरियासुर्जनपुर, इटवा रघुनाथपुर, ग्वालियर ग्रांट सहित 10 स्थानों पर 25 केवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
*तहसील तुलसीपुर में ₹48.11 लाख से 43 कार्यों के जरिए मजबूत होगा विद्युत नेटवर्क*
तहसील तुलसीपुर में विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 43 कार्यों पर ₹48.11 लाख व्यय किए जाएंगे।
तुलसीपुर ग्रामीण एवं तहसील उपकेंद्र क्षेत्र में ₹32.72 लाख की लागत से 30 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसमें तुलसीपुर सबडिवीजन एवं सड़वा गुलरिहा में 63 केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए की जाएगी। प्रत्येक क्षमता वृद्धि कार्य पर ₹2.50 लाख की लागत आएगी।
इसके साथ ही बूडन्तापुर, रूद्रपुर, धुरकुडा, रानी जोत, जनकपुर, शिवानगर, अर्जुनपुर, नथुनिया मोड़ सहित 28 स्थानों पर 25 केवीए के नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना से वर्तमान विद्युत भार का बेहतर वितरण हो सकेगा।
पचपेड़वा ग्रामीण उपकेंद्र क्षेत्र में ₹10.44 लाख की लागत से 8 कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत भाथर में 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए की जाएगी, जिस पर ₹2.50 लाख व्यय होगा। बिशुनपुर टनटनवा में ₹2 लाख की लागत से 63 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित होगा। इसके अतिरिक्त बनकटवा, हरिहरपुर, मनोहरपुर, लक्ष्मीनगर, बिजुआ कला एवं गौरा भारी में 25 केवीए के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
परसा पलईडीह उपकेंद्र क्षेत्र में ₹4.95 लाख की लागत से भोजपुर संतरी, थरौली, ठाकुरपुर, झौउवा एवं रमवापुर थारू में 25 केवीए के नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
बलरामपुर सदर में ₹23.81 लाख से होंगे 21 विद्युत सुधार कार्य
*तहसील बलरामपुर सदर क्षेत्र में बेहतर एवं स्थिर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ₹23.81 लाख की लागत से कुल 21 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य कराए जाएंगे।*
हरैया सतघरवा उपकेंद्र क्षेत्र में ₹12.92 लाख की लागत से 10 कार्य संपन्न होंगे। इसके अंतर्गत ग्राम प्राणपुर तथा उदईपुर/बलदपुर में 63 केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए की जाएगी। प्रत्येक क्षमता वृद्धि कार्य पर ₹2.50 लाख की लागत आएगी।
इसके अतिरिक्त मथुरा बाजार, इन्द्रानगर, भभरी, कटकुईया, बसंतपुर, दरगाह, भगहाकला एवं लालपुर विशुनपुर में 25 केवीए के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।

अचलपुर चौधरी उपकेंद्र क्षेत्र में ₹6.93 लाख की लागत से मद्दोभट्ट, नेवादा खास, भुजाइनक भार, गुमाफातिमा जोत, नेवादा कोड़री, लौकिया ताहिर माधवडीह एवं विशुनपुर खरहना में कुल 7 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य किए जाएंगे।
इसी प्रकार गौरा मुडिला उपकेंद्र क्षेत्र में ₹3.96 लाख की लागत से चौबेपुर, महुवा, गोविन्दपुर चौराहा एवं घोपतपुर में 4 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे।
*नए ट्रांसफार्मर और क्षमता वृद्धि से उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा लाभ*
स्वीकृत सभी 135 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्यों के पूर्ण होने से जनपद की विद्युत वितरण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। जिन क्षेत्रों में विद्युत भार बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मरों पर अधिक दबाव है, वहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित होने तथा मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने से भार का बेहतर वितरण हो सकेगा।
इसी प्रकार अतिभारित फीडरों से दूसरे फीडरों पर लोड शिफ्टिंग होने से फीडरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा। इससे लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में कमी आने के साथ विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा।
विद्युत व्यवस्था में होने वाले इन सुधारों का लाभ घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं के साथ किसानों को भी मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त एवं स्थिर वोल्टेज मिलने से सिंचाई एवं कृषि संबंधी कार्यों में सुविधा होगी। वहीं कस्बाई एवं बाजार क्षेत्रों में बेहतर विद्युत आपूर्ति से व्यापारिक एवं दैनिक गतिविधियां अधिक सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।
लगभग ₹1.59 करोड़ की लागत से होने वाले ये 135 विद्युत सुदृढ़ीकरण कार्य जनपद की विद्युत वितरण व्यवस्था को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक सक्षम बनाने के साथ ही उपभोक्ताओं को बेहतर, स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने