बलरामपुर - विगत दो दिनों से खराब मौसम और हो रही बारिश तथा मौसम विभाग द्वारा जनपद में अगले कुछ दिनों तक बारिश, आंधी-तूफान एवं बिजली कड़कने की संभावना के दृष्टिगत डीएम श्री विपिन कुमार जैन ने जनहानि एवं संपत्ति की क्षति से बचाव के लिए आमजन से निम्न सावधानियां बरतने की अपील की हैः-
*खराब मौसम में क्या करेंः-*
1. घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें - पक्के मकान में रहें। खिड़की-दरवाजे बंद कर लें।
2. बिजली के उपकरण बंद रखें - टीवी, फ्रिज, कंप्यूटर का प्लग निकाल दें। बिजली जाने पर मेन स्विच ऑफ कर दें।
3. आवश्यक सामान तैयार रखें - टॉर्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी एवं सूखा राशन साथ रखें।
4. मौसम की जानकारी लेते रहें - रेडियो, टीवी एवं जिला प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ध्यान दें।
5. पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधें - मवेशियों को खुले में न छोड़ें।
6. आपातकालीन नंबर अपने पास रखें -जिला आपदा कंट्रोल रूम- 05263-1077 या 9170277336, एम्बुलेंस सेवा-108 एवं पुलिस-112 पर कॉल कर मदद लें।
*खराब मौसम में क्या न करेंः-*
1. पेड़, बिजली के खंभे एवं विज्ञापन होर्डिंग के नीचे न खड़े हों- तेज हवा में गिरने का खतरा रहता है।
2. खुले स्थान पर न निकलें- आकाशीय बिजली गिरने की संभावना रहती है। खेत में काम न करें।
3. जलभराव वाले स्थान, नदी-नाले एवं पुलों से दूर रहें- तेज बहाव में बहने का खतरा रहता है।
4. गीले हाथों से बिजली के स्विच न छुएं- शॉर्ट सर्किट से बचें।
5. छत पर कपड़े सुखाने न जाएं- तेज हवा में गिरकर चोट लग सकती है।
6. अफवाह न फैलाएं- केवल सरकारी सूचना पर विश्वास करें।
*वाहन चालकों के लिए विशेष निर्देशः-
1. वाहन की गति धीमी रखें और हेडलाइट जलाकर चलें।
2. खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें।
3. सड़क पर गिरे पेड़ या तार दिखने पर तुरंत 1077 या 112 पर सूचना दें।
जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल राष्ट्र में मध्यम वर्षा होने के कारण राप्ती नदी का जलस्तर थोड़ा सा बढ़ा है किन्तु चेतावनी बिन्दु से नीचे है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर 24x7 नजर रखे हुए है। घबराएं नहीं, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें तथा किसी भी आपदा में जिला प्रशासन की मदद प्राप्त करें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know