जनपद बलरामपुर- महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम के लिए जनपद बलरामपुर में ‘मिशन शक्ति अभियान’ को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
उत्तर प्रदेश शासन के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत यूनिसेफ के सहयोग से गोरखपुर जोन में प्रभावी समुदाय आधारित मॉडल विकसित करने के उद्देश्य से जनपद बलरामपुर में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक विभिन्न विभागों एवं समुदाय को जोड़ते हुए महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम के पूर्व चरणों में जिला स्तरीय अभिमुखीकरण, प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करने, मास्टर ट्रेनर्स एवं ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है। अब अभियान के पंचम चरण में ग्राम पंचायत स्तरीय सुगमकर्ताओं (Facilitators) के क्षमता संवर्धन एवं कौशल विकास के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
*793 ग्राम पंचायतों के 3,742 सुगमकर्ता होंगे प्रशिक्षित*
जनपद के सभी 09 विकास खंडों की 793 ग्राम पंचायतों से कुल 3,742 नामित सुगमकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कुल 71 प्रशिक्षण बैच निर्धारित किए गए हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 अगस्त से 10 सितम्बर 2026 के मध्य आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण का समय प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक निर्धारित है तथा सभी प्रतिभागियों को प्रातः 10:30 बजे तक प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होना होगा।
इस अभियान की विशेषता विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय है। इसमें पुलिस, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पंचायती राज विभाग के कार्मिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
*ब्लॉकवार तैयार की गई व्यापक प्रशिक्षण व्यवस्था*
विकास खंड बलरामपुर की 116 ग्राम पंचायतों के 588 प्रतिभागियों को 11 बैचों में पुलिस लाइन सभागार में प्रशिक्षित किया जाएगा। हरैया सतघरवा की 110 ग्राम पंचायतों के 523 प्रतिभागियों एवं गैसड़ी की 110 ग्राम पंचायतों के 506 प्रतिभागियों के लिए 10-10 बैच निर्धारित किए गए हैं।
इसी प्रकार गैंड़ास बुजुर्ग की 42 ग्राम पंचायतों के 193 प्रतिभागियों के लिए 4 बैच, उतरौला की 65 ग्राम पंचायतों के 325 प्रतिभागियों के लिए 6 बैच, तुलसीपुर की 100 ग्राम पंचायतों के 442 प्रतिभागियों के लिए 8 बैच तथा पचपेड़वा की 99 ग्राम पंचायतों के 431 प्रतिभागियों के लिए 8 बैच बनाए गए हैं।
विकास खंड रेहरा बाजार की 81 ग्राम पंचायतों के 414 प्रतिभागियों को 8 बैचों तथा श्रीदत्तगंज की 70 ग्राम पंचायतों के 320 प्रतिभागियों को 6 बैचों में प्रशिक्षित किया जाएगा। बलरामपुर विकास खंड को छोड़कर अन्य विकास खंडों में प्रशिक्षण संबंधित ब्लॉक सभागार में आयोजित होगा।
*प्रशिक्षण के साथ प्रभावी फॉलोअप पर भी विशेष जोर*
प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता एवं प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी को रिसोर्स किट एवं आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण स्थलों पर जलपान, भोजन, पेयजल, माइक, पंखे/कूलर एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
संबंधित थानों के मिशन शक्ति केंद्र के कार्मिक प्रशिक्षण से तीन दिन पूर्व तथा एक दिन पूर्व प्रतिभागियों से दूरभाष पर संपर्क कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। निर्धारित समय तक किसी प्रतिभागी के उपस्थित न होने पर उससे तत्काल संपर्क किया जाएगा।
बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पंचायती राज विभाग द्वारा भी ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रतिभागियों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कराई जाएगी।
*गांव-गांव तक पहुंचेगा महिला सुरक्षा एवं सम्मान का संदेश*
‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के लिए तैयार किए जा रहे ग्राम पंचायत स्तरीय सुगमकर्ता स्थानीय स्तर पर समुदाय से संवाद स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे मिशन शक्ति के उद्देश्यों को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा समुदाय की सहभागिता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी गंभीरता एवं बेहतर विभागीय समन्वय के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार सुगमकर्ताओं की मजबूत टीम जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए सकारात्मक एवं सुरक्षित सामाजिक वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी।
‘बहू-बेटी सम्मेलन’ के माध्यम से प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों और समुदाय की सहभागिता से मिशन शक्ति को गांव-गांव और घर-घर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                रिपोर्टर वी. संघर्ष
                   बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने