बलरामपुर- जनपद में वर्तमान में बाढ़ की स्थिति नहीं है तथा हालात सामान्य हैं। जिला प्रशासन द्वारा राप्ती नदी के जलस्तर एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
आज सायं 5:00 बजे राप्ती नदी का जलस्तर 103.230 मीटर दर्ज किया गया। यह नदी के निर्धारित खतरे के निशान 104.620 मीटर से 1.39 मीटर नीचे है। जिला प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर सतत नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन, पंचायती राज सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक सतर्कता बनाए रखने तथा नदी के जलस्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 19 बाढ़ शरणालय एवं 32 बाढ़ चौकियां चिन्हित हैं। स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति के लिए 32 मेडिकल टीमें तथा पशुधन की सुरक्षा एवं उपचार के लिए पशुपालन विभाग की 32 टीमें तैयार रखी गई हैं।
जिला अस्पताल सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश एवं कुत्ते के काटने की स्थिति में आवश्यक इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी समन्वय तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम भी संचालित है।
जिला प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक सावधानी बरतें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं अपडेट्स पर ही भरोसा करें। प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know