बलरामपुर- जनपद की समृद्ध थारू जनजातीय संस्कृति एवं समुदाय आधारित पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है।
जनपद के इमलिया कोडर स्थित ‘थारू जनजाति संग्रहालय एवं सजीव धरोहर परिदृश्य (Tharu Janjati Museum & Living Heritage Landscape)’ का चयन प्रतिष्ठित ICRT Indian Subcontinent Responsible Tourism Awards 2026 के फाइनलिस्ट के रूप में किया गया है।
इंटरनेशनल सेंटर फॉर रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म (ICRT) द्वारा घोषित भारतीय उपमहाद्वीप उत्तरदायी पर्यटन पुरस्कार-2026 के फाइनलिस्ट में भारत, नेपाल और श्रीलंका से कुल 22 उत्कृष्ट पहल शामिल हैं। इन पहलों का चयन उत्तरदायी पर्यटन के क्षेत्र में उनके प्रभावी कार्य, नवाचार, अन्य स्थानों पर अपनाए जा सकने वाले मॉडल, व्यापक प्रभाव तथा सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर किया गया है।
थारू जनजाति संग्रहालय एवं सजीव धरोहर परिदृश्य, इमलिया कोडर का इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना जनपद बलरामपुर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। यह पहचान थारू जनजाति की विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं, रहन-सहन, लोककला, पारंपरिक ज्ञान एवं प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन पद्धति को संरक्षित करते हुए पर्यटन से जोड़ने के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करती है।
इमलिया कोडर में विकसित थारू जनजाति संग्रहालय एवं सजीव धरोहर परिदृश्य केवल एक पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि थारू समुदाय की जीवंत संस्कृति से पर्यटकों को परिचित कराने वाले केंद्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। यहां जनजातीय जीवनशैली, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को इस प्रकार प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है कि पर्यटन के विकास के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति की मौलिकता एवं पहचान भी संरक्षित रहे।
उत्तरदायी पर्यटन की अवधारणा में स्थानीय समुदाय की भागीदारी, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत का संरक्षण तथा पर्यटन से होने वाले सामाजिक-आर्थिक लाभों को स्थानीय स्तर तक पहुंचाना प्रमुख है। इमलिया कोडर की पहल इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय रोजगार, जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प के प्रोत्साहन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समुदाय आधारित सतत पर्यटन के लिए नई संभावनाएं सृजित कर रही है।
ICRT की ओर से चयनित सभी फाइनलिस्ट को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘Gold’, ‘Silver’ अथवा ‘One to Watch’ सम्मान प्रदान किया जाएगा। पुरस्कारों की अंतिम घोषणा 4 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में की जाएगी।
ICRT Indian Subcontinent Responsible Tourism Awards 2026 का पुरस्कार समारोह 4 सितंबर को अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, द्वारका, नई दिल्ली में आयोजित BLTM – Business & Luxury Travel Mart के दौरान होगा। समारोह में उत्तरदायी पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिनिधि एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग शामिल होंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय मान्यता से बलरामपुर के पर्यटन परिदृश्य को नई पहचान मिलने के साथ ही थारू संस्कृति को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही यह उपलब्धि जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और स्थानीय समुदाय को पर्यटन विकास का सहभागी बनाते हुए बलरामपुर को उत्तरदायी एवं सतत पर्यटन के महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know