बलरामपुर- गोरखपुर अहिरौली निवासी ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की निर्मम हत्या के मामले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर युवा बार संघ अध्यक्ष मृगेंद्र उपाध्याय ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भी ब्राह्मण समाज के लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।
मृगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दिनदहाड़े अथवा सरेआम किसी व्यक्ति की हत्या होना बेहद गंभीर विषय है। यदि अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं तो यह कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि शिवकुमार तिवारी की हत्या ने समाज के लोगों को झकझोर कर रख दिया है और इस मामले में पुलिस-प्रशासन को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। किसी व्यक्ति की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि नागरिक होने के नाते उसकी सुरक्षा के अधिकार से होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिवकुमार तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए।
मृगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यदि किसी परिवार को लगातार भय के माहौल में रहना पड़े और अपराधियों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई न हो तो आम लोगों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर अविश्वास पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि मामले की प्रत्येक कड़ी की गंभीरता से जांच की जाए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान किए बिना वास्तविक दोषियों को सजा दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्रदेश में किसी भी समाज का व्यक्ति अपने आपको असुरक्षित महसूस न करे। न्याय और सुरक्षा जाति देखकर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के समान अधिकार के आधार पर सुनिश्चित होनी चाहिए।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know