जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित आधार नामांकन एवं आधार अपडेट सेवाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में आधार नामांकन की प्रगति, बच्चों के आधार निर्माण, बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) तथा आधार सेवा केंद्रों के संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में आधार महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसलिए जनपद में प्रत्येक पात्र नागरिक को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आधार नामांकन एवं अपडेट के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन की प्रगति की विशेष समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित किया जाए, जिनका अभी तक आधार नामांकन नहीं हुआ है तथा विशेष अभियान चलाकर उनका आधार बनवाया जाए।
इसी प्रकार 5–7 वर्ष एवं 15–17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे छात्र-छात्राओं को चिन्हित किया जाए, जिनका बायोमेट्रिक अपडेट लंबित है। शिक्षा विभाग एवं आधार सेवा केंद्र आपसी समन्वय से अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने आधार सेवा केंद्रों के संचालन की समीक्षा करते हुए कहा कि नागरिकों को आधार नामांकन अथवा अपडेट के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। आधार सेवा केंद्रों पर सेवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
*सभी आधार सेवा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित होगी रेट लिस्ट*
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि UIDAI द्वारा आधार सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि किसी भी दशा में न ली जाए। जनपद के सभी आधार सेवा केंद्रों पर आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं एवं उनके निर्धारित शुल्क की रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। रेट लिस्ट केंद्र पर ऐसे स्थान पर लगाई जाए, जहां आने वाले नागरिक उसे आसानी से देख एवं पढ़ सकें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आधार सेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
*आधार सेवाओं की निर्धारित रेट लिस्ट*
नया आधार नामांकन (सभी आयु वर्ग) — निःशुल्क
5–7 वर्ष एवं 15–17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट — निःशुल्क
7–15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट — 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क
बायोमेट्रिक अपडेट — फिंगरप्रिंट, आइरिस एवं फोटोग्राफ — ₹125
डेमोग्राफिक अपडेट — नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, जेंडर आदि — ₹75
डॉक्यूमेंट अपडेट (आधार नामांकन केंद्र पर) — ₹75
आधार PVC कार्ड (ऑनलाइन) — ₹75
आधार सर्च एवं कलर प्रिंट (A4 साइज) — ₹40
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को आधार नामांकन एवं अपडेट अभियान से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। विशेष रूप से बच्चों के लंबित आधार नामांकन एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को अभियान के रूप में पूरा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, UIDAI के प्रतिनिधि तथा आधार नामांकन एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know