बलरामपुर- प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने से जनपद के उचित दर विक्रेताओं में प्रसन्नता है। अब उचित दर विक्रेताओं को ₹90 के स्थान पर ₹125 प्रति क्विंटल लाभांश प्राप्त होगा। सरकार के इस निर्णय पर कोटेदार संघ, बलरामपुर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं  खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय जी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
इसी क्रम में सोमवार को जीवन लाल यादव, जिलाध्यक्ष, कोटेदार संघ बलरामपुर के नेतृत्व में जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री जी को संबोधित धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से प्रेषित किया।
कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष एवं उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किया जाना एक सराहनीय एवं हितकारी निर्णय है। प्रति क्विंटल ₹35 की यह वृद्धि उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के साथ उनके द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका को भी प्रोत्साहित करेगी।
उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला खाद्यान्न गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाता है। लाभांश में वृद्धि से उचित दर विक्रेताओं को अपने दायित्वों के निर्वहन में आर्थिक संबल मिलेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी।
कोटेदार संघ ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हितों का ध्यान रखते हुए लिया गया यह निर्णय उनके प्रति सरकार की संवेदनशीलता को प्रदर्शित करता है।
उचित दर विक्रेताओं ने माननीय खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं एवं हितों को गंभीरता से लेते हुए लाभांश वृद्धि की दिशा में किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
कोटेदार संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा भविष्य में भी उचित दर विक्रेताओं के हितों एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर जनपद के समस्त उचित दर विक्रेताओं की ओर से जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापन प्रेषित करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

               हिन्दी संवाद न्यूज से
                 रिपोर्टर वी. संघर्ष
                    बलरामपुर। 

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने