जनपद बलरामपुर- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं उन पर की गई सुधारात्मक कार्यवाही की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सड़क की स्थिति, संकेतक, चेतावनी बोर्ड सहित आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
जिलाधिकारी ने गत माह जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके कारणों का ऑडिट किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गंभीर सड़क दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण किया जाए तथा यह देखा जाए कि दुर्घटना मानवीय त्रुटि, ओवरस्पीडिंग, सड़क की स्थिति अथवा किसी अन्य कारण से हुई है। ऑडिट में सामने आने वाले कारणों के आधार पर संबंधित विभाग तत्काल निरोधात्मक एवं सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा में जागरूकता एवं प्रभावी प्रवर्तन दोनों स्तरों पर ठोस कार्रवाई की जाए। इसके लिए जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जिला स्तरीय अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। अभियान के दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, दोपहिया वाहन पर ट्रिपलिंग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल एवं निःशुल्क चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीएम राहत कोष के अंतर्गत चिन्हित अस्पतालों एवं उपलब्ध सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को समय से उपचार मिल सके।
सड़क सुरक्षा संबंधी अवस्थापना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बहादुरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क की स्थिति में आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराए जाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्य शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।
*स्कूली बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — डीएम*
जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों के सुरक्षित परिवहन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद में संचालित सभी स्कूली वाहनों की नियमित तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए। फिटनेस एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए जाने वाले वाहनों से ही बच्चों का परिवहन किया जाए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों के शत-प्रतिशत चालकों का चरित्र सत्यापन एवं ड्राइविंग लाइसेंस सत्यापन अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए तथा स्कूल वाहन चालकों एवं परिवहन व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि स्कूली बच्चों के ई-रिक्शा से विद्यालय आने-जाने पर कड़ाई से रोक लगाई जाए। विद्यालयों के बाहर ई-रिक्शा आदि वाहनों को अनधिकृत रूप से खड़ा न होने दिया जाए। विद्यालय परिसर अथवा विद्यालय के बाहर ई-रिक्शा खड़ा पाए जाने तथा बच्चों के परिवहन में उसका प्रयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं विद्यालय प्रबंधकों को निर्देशित किया कि बच्चों के सुरक्षित आवागमन के संबंध में अभिभावकों को भी जागरूक किया जाए तथा विद्यालय स्तर पर परिवहन सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना तथा स्कूली बच्चों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know