उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले रविवार को विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। तीन अगस्त से शुरू हो रहे विधानसभा के मानसून सत्र के सुचारु संचालन को लेकर आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में गंभीरता से उठाने तथा सकारात्मक और स्वस्थ चर्चा के माध्यम से प्रदेश के विकास में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलाने में सहयोग देने का भी अनुरोध किया।



*मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक*


मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत संवाद है और विधानसभा जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को रखने का प्रभावी मंच प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सदन में होने वाली सार्थक चर्चा से निकलने वाले निष्कर्ष हमेशा जनहित में होते हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश विधानसभा ने संसदीय कार्यप्रणाली का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसकी पूरे देश में सराहना हुई है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बहस और सकारात्मक संवाद की संस्कृति ने प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर बनाया है।



*सीएम योगी ने विपक्ष ने ये अपील की*


योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मानसून सत्र में आम जनता से जुड़े विषयों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए, जिससे विकास कार्यों को गति मिले और लोगों की समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों से अपील की कि वे जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को जिम्मेदारी के साथ सदन में उठाएं तथा सदन की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा की कार्यवाही में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।




*नेता प्रतिपक्ष समेत कई नेता मौजूद रहे*


विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सदस्यों से सदन के सुचारु संचालन में सहयोग देने की अपील की। बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया', अपना दल (एस) के आरके पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। 3 अगस्त से यूपी विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने