बलरामपुर- खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ के निर्देशानुसार हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचन्द जी के जन्म दिवस ‘खेल दिवस’ के अवसर पर जनपद में 29 एवं 30 अगस्त, 2026 को 14 वर्षीय बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि प्रतियोगिता का आयोजन जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम बलरामपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में विद्यालयों एवं क्लबों की 14 वर्ष तक के बालकों की टीमें प्रतिभाग कर सकेंगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य बाल खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उनमें हॉकी के प्रति रुचि एवं खेल भावना को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमों का पंजीकरण 28 अगस्त, 2026 को सायं 5:00 बजे तक किया जाएगा। टीमों का पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। सभी टीमें खेल किट में ही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। साथ ही सभी खिलाड़ियों को अपने आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होगी। प्रतियोगिता शुरू होने के बाद किसी भी टीम की एंट्री स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के विद्यालयों, क्लबों एवं पात्र बाल खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है, जिससे खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के साथ ही उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके।
प्रतियोगिता एवं पंजीकरण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हॉकी प्रशिक्षक श्री फारोग अली के मोबाइल नंबर 9044497626 तथा खेलो इंडिया हॉकी प्रशिक्षक श्री अभय सिंह के मोबाइल नंबर 7985217738 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know