उ0प्र0 के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने
नई दिल्ली में जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर का स्वागत किया

 उ0प्र0 जापानी निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, कुशल प्रतिभा और निवेश अनुकूल नीतियां
जापानी कम्पनियों को प्रदेश में निवेश, विस्तार और रोजगार
सृजन के लिए मजबूत आधार प्रदान करती

यह साझेदारी उ0प्र0 को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के विजन के अनुरूप, इसमें विनिर्माण और तकनीक आधारित विकास में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका

उ0प्र0 का बेहतर होता बुनियादी ढांचा, कुशल कार्यबल और निवेश
अनुकूल माहौल जापानी कम्पनियों के वैश्विक विस्तार के लिए
बेहतर अवसर उपलब्ध कराता : केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री

इन्वेस्ट यू0पी0 द्वारा 18 से 23 अगस्त, 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय
कार्यक्रम नई दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में होगा

मुख्य यू0पी0-जापान इन्वेस्टमेण्ट मीट 21 अगस्त को लखनऊ में आयोजित की जाएगी

कार्यक्रम का उद्देश्य जापान की उ0प्र0 में बढ़ती निवेश रुचि को निवेश,
तकनीकी साझेदारी, विनिर्माण परियोजनाओं और रोजगार के अवसरों में बदलना


लखनऊ : 18 अगस्त, 2026

     उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल जी ने आज नई दिल्ली में जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर श्री कोटारो नागासाकी का स्वागत किया। गवर्नर नागासाकी 200 से अधिक जापानी सी0ई0ओ0, कारोबारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमण्डल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह प्रतिनिधिमण्डल यू0पी0-जापान इन्वेस्टमेण्ट मीट-2026 में शामिल होने भारत पहुंचा है।
नई दिल्ली में जापानी प्रतिनिधिमण्डल के सम्मान में आयोजित स्वागत रात्रिभोज के साथ पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य जापान की उत्तर प्रदेश में बढ़ती निवेश रुचि को निवेश, तकनीकी साझेदारी, विनिर्माण परियोजनाओं और रोजगार के अवसरों में बदलना है।
मुख्यमंत्री जी ने जापानी प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जापानी निवेशकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, कुशल प्रतिभा और निवेश अनुकूल नीतियां जापानी कम्पनियों को प्रदेश में निवेश, विस्तार और रोजगार सृजन के लिए मजबूत आधार प्रदान करती हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह साझेदारी उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के विजन के अनुरूप है। इसमें विनिर्माण और तकनीक आधारित विकास में जापान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने कहा कि यह यात्रा यामानाशी और उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक एवं संस्थागत सम्बन्धों को मजबूत करने में मदद करेगी। उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा, तकनीक, कौशल विकास और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग की सम्भावनाओं पर जोर दिया।
जापानी प्रतिनिधिमण्डल का स्वागत करते हुए केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने भारत-जापान के मजबूत आर्थिक सम्बन्धों और भारत में जापानी कम्पनियों के लिए बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का बेहतर होता बुनियादी ढांचा, कुशल कार्यबल और निवेश अनुकूल माहौल जापानी कम्पनियों के वैश्विक विस्तार के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है।
इन्वेस्ट यू0पी0 द्वारा 18 से 23 अगस्त, 2026 तक आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम नई दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में होगा। मुख्य यू0पी0-जापान इन्वेस्टमेण्ट मीट 21 अगस्त को लखनऊ में आयोजित की जाएगी, जिसमें बिजनेस-टू-गवर्नमेण्ट (बी2जी) और बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) सत्र होंगे। इस दौरान विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, सेमीकण्डक्टर, ग्रीन एनर्जी, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास और पर्यटन प्रमुख सहयोग क्षेत्र होंगे। 200 से अधिक जापानी कारोबारी नेताओं की भागीदारी वाला यू0पी0-जापान इन्वेस्टमेण्ट मीट-2026 उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश आधारित साझेदारी को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसका फोकस तकनीक, विनिर्माण और रोजगार के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है।
---------

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने