जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रामगढ़ रोड से पेठिया रोड और अल्लीपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस, वन विभाग और स्थानीय लोगों ने घायल मोर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10:45 बजे अल्लीपुर रोड से पेठिया रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क पार कर रहे मोर को एक अज्ञात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी रितेश के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि बाइक चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासी एवं हिंदू आर्मी के सेक्टर संयोजक तथा जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से बेहतर उपचार की उम्मीद में उसे राजकीय पशु चिकित्सालय एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र, जलालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि मोर के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
सूचना पर डायल-112 पीआरबी की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। वहीं वन विभाग को भी मामले की जानकारी दी गई। वन क्षेत्राधिकारी स्नेह कुमार मौर्य ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए वनरक्षक बृजेश यादव को मौके पर भेजकर जांच शुरू करा दी गई है। दोषी वाहन चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जलालपुर कोतवाली के उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा पिछड़ा वर्ग के पूर्व जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न सोनी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की। राष्ट्रीय पक्षी मोर की इस दर्दनाक मौत से क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

Post a Comment

If you have any doubts, please let me know

और नया पुराने