बलरामपुर- पर्यावरण संरक्षण और नगर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से आदर्श नगरपालिका परिषद, बलरामपुर ने बृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्चुअल बैठक के माध्यम से दिए गए निर्देशों के क्रम में लिया गया है।
नगरपालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह "धीरू" ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने और अपने घरों, मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों तथा उपलब्ध स्थानों पर पौधरोपण करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पौधरोपण के इच्छुक नागरिकों को नगरपालिका के पानी टंकी परिसर से निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
अध्यक्ष ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए,बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के तहत ऐसे लोगों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा,जो लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें सुरक्षित और जीवित रखेंगे। ऐसे नागरिकों को आगामी 30 जून को नगरपालिका स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह "धीरू" ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियोंयुवाओं और महिलाओं से इस जनअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगरवासियों के सहयोग से यह अभियान सफल होगा और बलरामपुर को अधिक स्वच्छ,हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल नगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र मौर्य,डीपी सिंह बैस,सभासद मो.कुमैल,जेई (सिविल) अविनाश यादव, जेई जल धर्मेंद्र गौड़ तथा नगरपालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know