अम्बेडकरनगर, 06 जुलाई 2026।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री आनंद कुमार शुक्ला तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ तहसील जलालपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक–एक कर जनसामान्य की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर यथासंभव मौके पर ही शिकायतों का निस्तारण कराया। जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार, गुणवत्ता के साथ एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शी, प्रभावी एवं जनसंतुष्टि के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पेयजल, पेंशन, आवास एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जलालपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 111 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुईं जिसमें से 09 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इसी प्रकार तहसील टांडा में 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 05 का निस्तारण किया गया, शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।
तहसील आलापुर में 142 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 16 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
तहसील अकबरपुर में 98 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 07 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील भीटी में 72 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 06 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know