बलरामपुर- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को विकास खण्ड उतरौला के ग्राम बक्सरिया पहुंचकर माह जुलाई में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए घर-घर जाकर जागरूकता, रोगियों की शीघ्र पहचान तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने टीमों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए बुखार, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संचारी रोगों के लक्षणों वाले व्यक्तियों की समय पर पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अभियान के दौरान जनसामान्य को स्वच्छता अपनाने, जलभराव से बचाव, साफ पेयजल के उपयोग तथा मच्छरों से बचने के उपायों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला के अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know