बलरामपुर- भारतीय जनता पार्टी के जिलाशं कार्यालय अटल भवन,तुलसी पार्क में गुरुवार को भाजपा की महत्वपूर्ण जिला बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी का कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है,जहां कार्यकर्ता को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि "भाजपा में कार्यकर्ता कभी पूर्व नहीं होता,वह जीवनभर संगठन का अभिन्न अंग रहता है।"
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार "सबका साथ,सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। जिला अध्यक्ष रवि मिश्र ने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.आरती तिवारी,सदर विधायक पल्टूराम, राम प्रताप वर्मा, शैलेष कुमार सिंह 'शैलू', चेयरमैन डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू', सविता गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश सिंह, चन्द्र प्रकाश सिंह 'गुड्डू', प्रदीप सिंह, अनूप चन्द्र गुप्त, प्रिन्स वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, राकेश तिवारी, शक्ति सिंह हेमंत जायसवाल, महिपाल चौधरी, मनोज तिवारी सहित जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री,विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, महामंत्री तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know