बलरामपुर, विकास खंड हरैया सतघरवा- जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा पूर्व में विकासखंड हरैया सतघरवा के ग्राम इटैहिया का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। ग्राम में हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में निर्माण कार्यों के कारण जल प्रवाह प्रभावित होने से गांव के एक हिस्से में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित विभागों को नालों के प्राकृतिक प्रवाह में किसी भी प्रकार का अवरोध न रहने देने, जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सिंचाई विभाग, बाढ़ खंड, राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य करते हुए हेंगहा नाले के जल प्रवाह को सुचारु बनाया गया तथा आवश्यक जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके परिणामस्वरूप वर्तमान में ग्राम इटैहिया में जलभराव की स्थिति समाप्त हो चुकी है । आवागमन भी सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
स्थिति सामान्य होने के उपरांत पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम में विशेष साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों की व्यापक सफाई, नालियों की सफाई, कचरे का निस्तारण तथा आवश्यक स्वच्छता संबंधी कार्य कराए गए, ताकि जलजनित एवं संचारी रोगों की संभावनाओं को रोका जा सके।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम इटैहिया का भ्रमण कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा संभावित संचारी एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से दवा किट का वितरण किया। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, पानी उबालकर पीने, घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार, दस्त, उल्टी अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि ग्राम की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखते हुए जलनिकासी व्यवस्था, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर प्रभावी रखा जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन द्वारा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव से लेकर स्वास्थ्य सुरक्षा तथा स्वच्छता संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित की जा रही हैं।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know