बलरामपुर- “स्कूल चलो अभियान” के द्वितीय चरण का शुभारंभ पी०एम०श्री कम्पोजिट विद्यालय धुसाह में मा० जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों की उपस्थिति में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।
प्रदेश में यह अभियान 01 जुलाई से 15 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना एवं ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री आरती तिवारी, मा० विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव द्वारा मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित मा० जनप्रतिनिधियगण, अधिकारियों एवं अभिभावकों ने सराहा। कार्यक्रम में शिक्षा के महत्व एवं प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के संकल्प को दोहराया गया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और यह समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए “स्कूल चलो अभियान” को जन-जन का अभियान बनाया जाए। इस दौरान जनपद में नामांकन संख्या को 50 हजार से बढ़ाकर 1 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी शिक्षकों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग से सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही बाल वाटिका से लेकर कक्षा 8 तक के छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों एवं अभिभावकों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों द्वारा स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) रामचंद्र मौर्य, जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) निरंकार पांडे, जिला समन्वयक प्रशिक्षण अंकित तिवारी, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा कृष्ण मोहन मिश्रा, जिला समन्वयक निपुण भूपेंद्र सिंह, एआरपी अखिलेश शुक्ला, प्रधानाध्यापक प्रेम गुप्ता सहित जनपद के अनेक प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि जनपद का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा “स्कूल चलो अभियान” को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाते हुए शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know