बलरामपुर- जनपद में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित ई-ट्राइसाइकिल योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। योजना का उद्देश्य दिव्यांग छात्राओं को शिक्षा एवं प्रशिक्षण से जोड़ते हुए उनके सुरक्षित, सहज एवं सम्मानजनक आवागमन को सुनिश्चित करना है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि योजना के तहत पात्र छात्राओं को ई-ट्राइसाइकिल क्रय करने के लिए अधिकतम ₹65,000 तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना से छात्राओं को विद्यालय, महाविद्यालय, प्रशिक्षण संस्थान, पुस्तकालय एवं छात्रावास तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी शिक्षा निरंतर और सुगम बन सकेगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऐसी छात्राओं को मिलेगा जिनकी आयु 16 वर्ष या उससे अधिक हो, वे किसी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत हों, उनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक हो तथा वे ई-ट्राइसाइकिल चलाने में सक्षम हों। योजना में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, जो छात्राएं पिछले पाँच वर्षों के भीतर किसी अन्य योजना अथवा स्रोत से ई-ट्राइसाइकिल प्राप्त कर चुकी हैं, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक छात्राएं https://hwd.uphq.in/� पोर्टल पर निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन करें। आवेदन पूर्ण करने के बाद आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन पत्र जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, बलरामपुर में निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने यहां अध्ययनरत पात्र दिव्यांग छात्राओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा उनकी सूची 30 जुलाई 2026 तक जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र छात्राओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ प्रदान किया जा सके।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद की सभी पात्र दिव्यांग छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
हिन्दी संवाद न्यूज से
रिपोर्टर वी. संघर्ष
बलरामपुर।
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know