मुख्यमंत्री ने मंत्रिमण्डल के सदस्यों के साथ बैठक की
प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारा परिवार, प्रदेश सरकार द्वारा अन्तिम पायदान पर खड़े समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा : मुख्यमंत्री
राज्य का चहुंमुखी विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता, मंत्रिगण
विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लेते रहें
आगामी 08 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक
कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ किया जाएगा
मंत्रिगण स्कूलों में जाकर अभिभावकों के साथ बैठक करें, बच्चों के रिपोर्ट कार्ड
देखते हुए स्कूलों में प्रदान की जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें
आगामी 12 जुलाई को प्रदेश में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान
संचालित किया जाएगा, इस महाअभियान में कुल 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे
वृक्षारोपण महाअभियान के पश्चात प्रदेश 275 करोड़
पौधे रोपित करने का रिकार्ड बनाने जा रहा
वृक्षारोपण महाअभियान के दौरान पौधरोपण ही आवश्यक नहीं, बल्कि उसकी निरन्तर देख-रेख जरुरी, इस सम्बन्ध में लोगों में जागरूकता का प्रसार किया जाए
प्रदेश में किये गये सर्वाधिक अवसंरचनात्मक कार्यां के बावजूद यहां का
वनाच्छादन बढ़ा, प्रदेश किसानों को कार्बन क्रेडिट उपलब्ध कराने में अग्रणी
राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से प्रदेश की आधी आबादी
प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही
लखनऊ : 06 जुलाई, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारा परिवार है। प्रदेश सरकार द्वारा अन्तिम पायदान पर खड़े समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रत्येक जरुरतमन्द तक आवश्यक सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर मंत्रिमण्डल के सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य का चहुंँमुखी विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मंत्रिगण प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लेते रहें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से प्रत्येक मुद्दे पर विचार-विमर्श करते हुए गांवां तथा कस्बों में विद्यालयों, अस्पतालों आदि की स्थिति और वहां प्रदान की जा रही जनसुविधाओं की पड़ताल करें। प्रत्येक जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद बनायें। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत रोड कटिंग से जुड़े मामलों का तय समय में निस्तारण किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में विद्यार्थियों को निःशुल्क यूनीफॉर्म, बैग, किताबें, जूते-मोजे आदि प्रदान कर रही है। मंत्रिगण इन स्कूलों में जाकर अभिभावकों के साथ बैठक करें। बच्चों के रिपोर्ट कार्ड देखते हुए स्कूलों में प्रदान की जा रही अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उनके द्वारा आगामी 08 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ किया जाएगा। इस योजना से बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षा मित्र, अनुदेशक आदि तथा उनके परिवार के सदस्य 05 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर प्राप्त कर सकेंगे। जनपद स्तर पर मंत्रिगण तथा प्रत्येक विधान सभा स्तर पर विधायकगण इस कार्यक्रम को सम्पन्न कराएंगे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगामी 12 जुलाई को प्रदेश में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान संचालित किया जाएगा। इस महाअभियान में प्रातः 07 बजे से सायंकाल तक कुल 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। इनमें वन विभाग 15.5 करोड़, ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.5 करोड़, पंचायतीराज विभाग 1.22 करोड़ तथा राजस्व विभाग द्वारा 01 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग इस महाअभियान का नोडल विभाग रहेगा। पौधरोपण के लिए फलदार, छायादार, औषधीय तथा इमारती लकड़ियों के पौधे प्रयोग किये जाएंगे। इस वृक्षारोपण महाअभियान के पश्चात प्रदेश 275 करोड़ पौधे रोपित करने का रिकार्ड बनाने जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वृक्षारोपण महाअभियान के दौरान पौधरोपण ही आवश्यक नहीं है, बल्कि उसकी निरन्तर देख-रेख भी जरुरी है। इस सम्बन्ध में लोगों में जागरूकता का प्रसार किया जाए। यदि देश के बड़े राज्यों को देखा जाए, तो उत्तर प्रदेश में किये गये सर्वाधिक अवसंरचनात्मक कार्यां के बावजूद यहां का वनाच्छादन बढ़ा है। प्रदेश किसानों को कार्बन क्रेडिट उपलब्ध कराने में अग्रणी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी विभाग वृक्षारोपण महाअभियान से पूर्व अपने-अपने विभाग की बैठक तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित करें। प्रत्येक घण्टे में कितने पौधे रोपे गये, इसका विवरण विभागीय एप पर अपलोड किया जाए। लोगों को पौधे कैसे रोपित किये जाने हैं, इस सम्बन्ध में वीडियो प्रसारित करते हुए लोगों को जागरूक किया जाए। इस महाअभियान में औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संस्थानों की सी0एस0आर0 मद का उपयोग किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार के सकारात्मक प्रयासों से प्रदेश की आधी आबादी राज्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रही है। जनपद सिद्धार्थनगर की एक महिला उद्यमी ने मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का लाभ उठाकर 02 वर्षां में 06 लाख रुपये की आमदनी प्राप्त की है। वह अन्य महिलाओं के लिए मिसाल बनी हैं। कोविड कालखण्ड में आशा वर्करों ने अच्छा कार्य किया है, उनका मानदेय बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के सदस्य तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-----------

एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts, please let me know